• Thu. Feb 12th, 2026

ग्रेटर नोएडा: दोस्तों ने 15वीं मंजिल से फेंककर की थी प्राॅपर्टी डीलर की हत्या

ग्रेनो वेस्ट की आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में प्रॉपर्टी डीलर की मौत हादसा नहीं थी, बल्कि दोस्तों ने अपने अन्य साथियों के साथ 15वीं मंजिल से नीचे फेंक कर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की थी। बिसरख कोतवाली पुलिस ने दो आरोपी दोस्तों को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा किया है। पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला है कि कार को लेकर आरोपियों और मृतक व उसके दोस्त के बीच विवाद चल रहा था। नववर्ष की पार्टी के दौरान गाली गलौज होने के बाद आरोपियों ने मृतक को नीचे फेंक दिया था। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मूलरूप से बिहार के सिवान जिले के जीबी नगर तरबरा निवासी मृतक विनीत ग्रेनो वेस्ट की आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में रहता था। वो प्रॉपर्टी डीलर थे। वहीं इसी सोसाइटी में बिहार के अन्य दोस्त भी रहते हैं। इनमें उनका दोस्त आयुष और प्रिंस व अन्य भी शामिल हैं। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि एक जनवरी की रात आयुष के फ्लैट पर नववर्ष की पार्टी चल रही थी, लेकिन आयुष अन्य जगह पर पार्टी में गया हुआ था। फ्लैट पर विनीत के अलावा प्रिंस कुमार, बादल ठाकुर, धीरज कुमार सिंह, ओमप्रकाश, हर्षित कुमार उर्फ हर्ष व शेरी भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि प्रिंस ने विनीत के दोस्त आयुष की कार ली थी। उससे कार का एक्सीडेंट हो गया। जिसमें एयरबैग भी फट गया था। इस कारण बीमा से क्लेम नहीं मिला। आयुष व विनीत प्रिंस से कार ठीक कराने में आने वाले खर्च को मांग रहे थे। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। एक जनवरी को पार्टी में प्रिंस व बादल व उनके साथियों का विनीत के साथ विवाद हो गया। गाली गलौज के बाद आरोपियों ने विनीत को 15वीं मंजिल से फ्लैट की बालकनी से नीचे फेंक दिया। उसके बाद सभी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना हादसा लग रही थी, लेकिन पूछताछ में मामला सामने आया तो घटना को खुलासा हुआ।
एसीपी ने बताया कि बिसरख कोतवाली पुलिस ने हनुमान मंदिर गोल चक्कर के पास से दो आरोपी धीरज कुमार निवासी सपही ब्रहृापुर बिहार और विशाल मिश्रा निवासी मोहल्ला झत्ता दलपतराय फरुर्खाबाद को गिरफ्तार किया है। दोनों इस समय ग्रेनो वेस्ट के एनएक्सवन स्टेडियो टावर में रह रहे थे। अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बिहार में दुकान करते हैं। यहां किसी काम से आए थे। बाकी आरोपियों में कोई छात्र तो कोई नौकरी पेशा है। जल्द ही मुख्य आरोपी समेत अन्य को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )