तेज रफ्तार ऑटो के पलटने से स्कूटी सवार डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। यह हादसा सोमवार को सेक्टर-62 में हुआ। हादसे के बाद अन्य डिलीवरी बॉय मौके पर पहुंच गए और हंगामा किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-62 के सी-ब्लॉक में ब्लिंकिट कंपनी का ऑफिस है। यहां 300 से अधिक डिलीवरी बॉय काम करते हैं। फर्रुखाबाद निवासी मोहम्मद भाई उर्फ गुलाम यहां डिलीवरी बॉय का काम करता था। सोमवार सुबह गुलाम कंपनी से ऑर्डर लेकर डिलीवरी करने जा रहा था। जब वह कंपनी से करीब 200 मीटर दूरी पर था, तभी एक कार चालक अपनी गाड़ी को अचानक बैक करने लगा। इसी दौरान तेज गति से जा रहा ऑटो कार से बचने के चक्कर में कार से टकरा गया और सड़क पर पलटकर गुलाम की ई-स्कूटी पर जा गिरा। ऑटो गिरने से गुलाम दब गया और ऑटो का कांच उसकी गर्दन पर जा लगा। गर्दन पर कांच लगते ही वह लहूलुहान हो गया। आसपास के लोगों ने ऑटो को हटाकर उसे बाहर निकाला और पास के निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कंपनी में काम करने वाले डिलीवरी बॉय सेक्टर-62 पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को करीब एक घंटे बाद समझा-बुझाकर शांत किया। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर ऑटो को सीज कर दिया गया है।
हड़ताल पर रहे डिलीवरी बॉय
सड़क हादसे में गुलाम की मौत के बाद 100 से अधिक डिलीवरी बॉय ने हड़ताल कर दी और सोमवार को दिन में काम नहींं किया। कंपनी के अधिकारियों ने समझाया लेकिन दिन के वक्त काम पर नहीं गए। बाद में कंपनी और पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद शाम से काम पर लौट आए। आरोप है कि सड़क जाम करने का प्रयास कर रहे लोगों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया लेकिन पुलिस ने इससे इन्कार किया है।