• Tue. Feb 10th, 2026

नोएडा: जिले के बदलते मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है

जिले के बदलते मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। फरवरी के पहले हफ्ते में सुबह-शाम ठंड और दिन में तेज धूप की वजह से सर्दी, खांसी, बुखार के साथ-साथ उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों रोजाना 500 से 600 मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें करीब 50 प्रतिशत मरीज इन्हीं मौसमी बीमारियों से पीड़ित हैं। बीते कुछ दिनों में ऐसे मरीजों की संख्या में करीब 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

जिला अस्पताल के सीनियर फिजिशियन डॉ. प्रदीप कुमार शेलेत ने बताया कि दिन में धूप निकलने से लोग हल्के कपड़े पहनकर ऑफिस और स्कूल निकल जाते हैं, लेकिन सुबह और शाम की ठंड को नजरअंदाज करना बीमारी की बड़ी वजह बन रहा है। ठंड का असर मार्च तक बना रह सकता है, ऐसे में लापरवाही न करें। ठंड शरीर के विभिन्न अंगों पर असर डाल सकती है, जिससे इम्यूनिटी कमजोर होती है। उन्होंने लोगों को गुनगुने पानी का सेवन करने, सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनकर बाहर निकलने और प्रदूषण से बचने की सलाह दी।

इन बातों का विशेष ख्याल रखें-
– सुबह पेट भरकर नाश्ता करें। पानी की कमी से बचें।
– बुखार, खांसी, गले में खराश और बदन दर्द हो तो लापरवाही न करें।
– बार-बार हाथ साबुन से धोना फ्लू से बचाव का सबसे सरल उपाय है।
– भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनें
– बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और मधुमेह/हृदय रोगी विशेष सावधानी बरतें।
– पर्याप्त आराम, तरल पदार्थ और संतुलित आहार रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं।
– फ्लू वैक्सीन उच्च जोखिम वाले लोगों के लिए सुरक्षा कवच है।
– वायरल बुखार में खुद से दवाएं लेना नुकसानदेह हो सकता है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )