• Tue. Jun 30th, 2026

नोएडा: परियोजना में 855 करोड़ रुपये का निवेश व 3500 रोजगार के नए मौके आएंगे

चार बड़ी परियोजनाओं के आवंटियों को आवंटन व मंजूरी पत्र शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों दिलवाए गए थे। अब इन परियोजनाओं में जमीन हस्तांतरण व अन्य कामकाज नोएडा प्राधिकरण करेगा। प्राधिकरण का दावा है कि परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से 7855 करोड़ रुपये का निवेश व 44 हजार रोजगार का सृजन होगा।परियोजनाओं में टाटा कंसल्टेंसी लिमिटेड को पूर्व में किया गया आवंटन शामिल है। प्राधिकरण को आईटी-आईटीएस परियोजना के लिए सेक्टर-157 में 23 एकड़ जमीन उपलब्ध करवानी है। परियोजना से 2300 करोड़ रुपये का निवेश व 30 हजार रोजगार के नए मौके आएंगे।

वहीं, फिजिक्स वाला संस्थान को सेक्टर-153, 154 में 13 एकड़ जमीन एकीकृत प्रद्यौगिकी सक्षम एडटेक परिसर के लिए दी जानी है। परियोजना में 855 करोड़ रुपये का निवेश व 3500 रोजगार के नए मौके आएंगे। यह आवंटन निवेश मित्र के जरिए शासन से हुआ है। इसी तरह सेक्टर-80 में एलजी सॉफ्ट इंडिया की एडवांस एयर कंडिशनिंग रिसर्च एंड डिवेलपमेंट इकाई को मंजूरी का पत्र दिया गया। परियोजना में 600 करोड़ रुपये का निवेश और 500 रोजगार के नए मौके आएंगे। वहीं डीएलएफ को आईटी-आईटीएस परियोजना के सेक्टर-143 ए में विस्तार की मंजूरी का पत्र दिया गया। परियोजना से 3500 करोड़ रुपये का निवेश और रोजगार के 10 हजार नए मौके आएंगे।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )