• Sat. Sep 26th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग्रेटर नोएडा: करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से अव्यान सूर्या (6) की मौत 

ग्रेनो प्राधिकरण की लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ गई। नॉलेज पार्क क्षेत्र की कलाधाम सोसाइटी के पास प्राधिकरण की ओर से बोरिंग के लिए खोदे जा रहे करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से अव्यान सूर्या (6) की मौत हो गई। अव्यान के पिता सीवान यादव केंद्रीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य है। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए प्राधिकरण की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों की तहरीर पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।पुलिस के मुताबिक कलाधाम सोसाइटी निवासी सीवान यादव का बेटा अव्यान शनिवार शाम करीब 7 बजे सोसाइटी के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह बोरिंग के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे के नजदीक पहुंच गया। गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ था। अचानक उसका पैर फिसला और वह गहरे पानी में गिर गया। साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े।

काफी प्रयास के बाद बच्चे को गड्ढे से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक गड्ढा कई दिन पहले प्राधिकरण की ओर से बोरिंग कार्य के लिए खोदा गया था। इसकी गहराई करीब 15 फीट बताई गई है। गड्ढे के चारों ओर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए गए होते तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है और जिम्मेदार एजेंसियां हादसे होने के बाद ही सक्रिय होती हैं। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में परिजन ने लिखित तहरीर दी है। प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )