कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस की टीम ने बुधवार को सेक्टर-73 क्षेत्र में घेराबंदी कर अंकित राघव, कौशल और अमित को पकड़ा लिया।
तीनों आरोपी वर्तमान में सर्फाबाद गांव में किराये पर रह रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे अपनी बाइक से नोएडा के अलग-अलग इलाकों में घूमकर पहले संभावित स्थानों की पहचान करते थे। मॉल, रेस्टोरेंट, जेप्टो, ब्लिंकइट और अन्य व्यस्त स्थानों पर लंबे समय तक खड़ी रहने वाली बाइकों को निशाना बनाया जाता था। आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से 14 चोरी की बाइक बरामद की गईं, जबकि एक बाइक वारदात में इस्तेमाल होती थी। गिरफ्तार आरोपी अंकित राघव अलीगढ़ के वाजिदपुर गांव का निवासी है और बीएससी तक पढ़ा है। कौशल और अमित भी अलीगढ़ के नगला रोशन गांव के रहने वाले हैं।

