• Tue. Feb 10th, 2026

गुरुग्राम: सात सड़कें स्मार्ट स्ट्रीट लाइटों से होंगी जगमग

 न्यू गुरुग्राम के सात प्रमुख डिवाइडिंग सड़कों पर स्मार्ट और कनेक्टेड स्ट्रीट लाइटों के लगाने का काम तेजी से चल रहा है। करीब 11.50 किलोमीटर सड़कों पर 770 लाइटें लगाई जाएंगी। इस कार्य को मई तक पूरा करने का लक्ष्य है।
न्यू गुरुग्राम के कई सेक्टरों में सड़क, सीवर-पानी और स्ट्रीट लाइटों की जिम्मेदारी गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के पास है। ऐसे में इस क्षेत्र में जीएमडीए स्ट्रीट लाइट लगवा रहा है। पहले चरण में आठ सड़कों पर यह कार्य पूरा हो गया है। अब दूसरे चरण में सात सड़कों पर लाइटें लगवाने का काम चल रहा है। इसमें सेक्टर-71/72, सेक्टर-73/74, सेक्टर-75ए/76, सेक्टर-78/79 (डिवाइडिंग 78/79, 78/79ए) की डिवाइडिंग मास्टर सड़कों पर और साथ ही आउटर रोड सेक्टर-70ए, आउटर रोड सेक्टर-77 और आउटर रोड सेक्टर-79 और 79बी पर लगाई जाएंगी।
जीएमडीए के इलेक्ट्रिकल विंग के अनुसार, इन स्मार्ट और कनेक्टेड स्ट्रीट लाइटों से लोगों को काफी राहत मिलेगी। खराब स्ट्रीट लाइटों की पहचान और जल्द ठीक कराने में मदद मिलेगी। क्लाउड-आधारित एप्लिकेशन से लाइटों के कामकाज को माइक्रो-मैनेज और नियंत्रित किया जा सकेगा। जीएमडीए की प्रवक्ता नेहा शर्मा ने बताया कि लाइटों को लगाने का काम चल रहा है। कार्य पूरा होने से कई सेक्टरों के लोगों को राहत मिलेगी।
कमांड सेंटर से रखी जा सकेगी नजर
करीब छह करोड़ से लगने वाली लाइटों को जीएमडीए के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से नजर रखी जा सकेगी। इसे जीपीएस मैपिंग और वास्तविक समय की ट्रैकिंग के साथ स्ट्रीट लाइटों की जांच करना संभव होगा। ये स्मार्ट और कनेक्टेड स्ट्रीट लाइटें इन लाइटों की चोरी होने की घटना की पहचान करने में सक्षम होंगी, कम ट्रैफिक होने पर डिमिंग के लिए भी सक्षम हैं। खराबी या चोरी होने पर अलार्म कमांड सेंटर में बजेगा।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )