• Mon. Feb 2nd, 2026

CM योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का विस्तार तय,ओपी राजभर और दारा सिंह बनाए जाएंगे मंत्री…

Uttar Pradesh : योगी सरकार 2.0 का पहला मंत्रिमंडल विस्तार अगस्त के पहले सप्ताह तक होगा। सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान को कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा। वहीं योगी सरकार 1.0 में मंत्री रहे कुछ पूर्व मंत्री और विधायक भी मंत्री पद के लिए लखनऊ से दिल्ली तक दौड़ लगा रहे हैं।

पार्टी के उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक सुभासपा से हुए गठबंधन की शर्त के तहत ओमप्रकाश राजभर को कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा। उन्हें सरकार में महत्वपूर्ण मंत्रालय की कमान भी मिल सकती है. अगले वर्ष होने वाले विधान परिषद चुनाव में सुभासपा के एक कार्यकर्ता को परिषद में सदस्य भी बनाया जाएगा।
सुभासपा के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल होने के बाद गठबंधन की शर्त के तहत ओमप्रकाश राजभर को कैबिनेट मंत्री बनाया जाना है। वहीं दारा सिंह चौहान को भी पुनः मंत्रिमंडल में जगह मिलनी है। पार्टी ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कवायद शुरू कर दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने भी बुधवार को ओमप्रकाश राजभर से उनके आवास पर मुलाकात की थी।
भाजपा और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के बीच हुआ गठबंधन लोकसभा चुनाव 2024 में प्रदेश के पूर्वांचल की डेढ़ दर्जन से अधिक सीटों पर भाजपा की राह आसान करेगा. वहीं प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी और बसपा को झटका लगेगा. सपा विधायक के तौर पर दारा सिंह चौहान के इस्तीफे से घोसी विधानसभा सीट खाली हुई है. भाजपा ने लोकसभा चुनाव-2024 में प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है.

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )