• Mon. Feb 16th, 2026

केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ पवार का साथ, अरविंद केजरीवाल ने कहा , अब खडग़े-राहुल गांधी से मांगेंगे समय…

Politics : शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से मिलने के एक दिन बाद गुरुवार को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने मुंबई के यशवंतराव चव्हाण केंद्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की। केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आप सांसद राघव चड्ढा, दिल्ली की मंत्री आतिशी और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे। दिल्ली को लेकर केंद्र सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश के खिलाफ समर्थन जुटाने के लिए यह मुलाकात की गई। शरद पवार के साथ एक संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा कि शुक्रवार को मैं इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और राहुल गांधी से मिलने के लिए समय मांगूंगा।

इस दौरान एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि देश में संकट है और यह दिल्ली तक सीमित मुद्दा नहीं है. एनसीपी और महाराष्ट्र की जनता केजरीवाल का समर्थन करेगी. हम अरविंद केजरीवाल का समर्थन करने के लिए अन्य नेताओं से भी बात करेंगे. हमें सभी गैर-बीजेपी पार्टियों को एक साथ लाने पर ध्यान देना चाहिए. अब संसदीय लोकतंत्र के अस्तित्व के लिए लड़ने का समय है.

इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने बुधवार (24 मई) को महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से भी मुलाकात की थी. उद्धव ठाकरे ने भी अरविंद केजरीवाल को सपोर्ट करने का आश्वासन दिया था.

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )